एसडीएम ने सोमवार को जुनावई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में एमओआईसी समेत कई स्वास्थ्यकर्मी नदारद मिले। एसडीएम ने गायब स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई की संस्तुति डीएम को भेजे पत्र में की है।
सोमवार सुबह करीब 10 बजकर 25 मिनट पर एसडीएम रामकेश धामा जुनावई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षक करने पहुंचे। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर तलब कर अनुपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों की जानकारी की। इस दौरान एमओआईसी डॉ दिवाकर गुप्ता, एमओ डॉ निष्ठा यादव, डीईओ कुलदीप कुमार, एसडब्ल्यू विपिन कुमार, बीसीपीएम मोहम्मद नासिर, डीआओ कोविड कुलवेंद्र सिंह, एलटी कोविड किताब सिंह, पीसीएल भारत सिंह, डब्ल्यू बी प्रमोद कुमार सीएचसी से नदारद थे। उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कुछ मरीजों ने कहा कि मेडिकल से दवाएं लेने के लिए कहा जाता है। इसके अलावा दवा काउंटर पर दवा का सही से वितरण न होने की वजह से यहां लंबी लाइन लगी थी। ओपीडी निरीक्षण में डेंटिस्ट डॉ रोहित, नेत्र परीक्षण अधिकारी डॉ विशनलाल गुप्ता व चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजकुमार गुप्ता तैनात मिले। एसडीएम ने सीएसची में मिली खामियां और ड्यूटी से नदारद मिले स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट प्रस्तुत की है।