चंदौसी। पंडित हनुमान सिंह ग्राउंड पर चल रहे टीचर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को रोमांचक मैच देखने को मिला। दूसरे मुकाबले में राइजिंग स्टार और गुरु ब्रिगेड के बीच कड़ी टक्कर हुई। गुरु ब्रिगेड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर राइजिंग स्टार के बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया और सात रनों से मुकाबला जीत लिया। मैन ऑफ द मैच धीरज को मिला।
सोमवार को पंडित हनुमान सिंह ग्राउंड पर आयोजित टीचर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में राइजिंग स्टार और गुरु ब्रिगेड के बीच मैच खेला गया। इसमें राइजिंग स्टार के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुरु ब्रिगेड की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। इस टीम के बल्लेबाज धीरज ने 50 और दीपक ने 38 रनों का योगदान दिया। राइजिंग स्टार के गेंदबाज अंकित मौर्य ने चार और मनीष बेनीवाल ने तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइजिंग स्टार की टीम ने 19.3 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। इस टीम के बल्लेबाज मनीष ने 33, मुकेश ने 24, संजय ने 23 और अंकित शर्मा ने 20 रनों का योगदान दिया। गुरु ब्रिगेड के गेंदबाज नागेंद्र ने दो और निश्चल वार्ष्णेय ने एक विकेट लिया।
अंपायरिंग कुश रावत व विकास माथुर ने की। स्कोरिंग अभिषेक ने की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल कपूर, महामंत्री डॉ. गौरव मिश्रा, अशोक पाठक, प्रफुल्ल गुप्ता, संजीव सिंह, अमित कुमार, अनुज कुमार, अनुज उपाध्याय, कमलकांत आदि मौजूद रहे।