शहर कोतवाली क्षेत्र में घुमंतू गोवंशीय पशु ले जा रहे बदमाशों को रोकने पर आरोपियों ने युवक को गोली मार दी। गंभीर स्थिति में घायल युवक को संभल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल करने में जुटी है।
बदायूं चुंगी स्थित पावर हाउस की मढ़ैया निवासी रवि पुत्र कालीचरन (26) सोमवार को भोर में सुबह चार बजे शौच के लिए सार्वजनिक शौचालय पर जा रहे थे। बदायूं चुंगी के पास दो डीसीएम खड़ी थी। यहां बदमाशों ने घुमंतू गोवंशीय पशु को घेर रखा था और डीसीएम में चढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। रवि ने बताया एक डीसीएम में दो सांड पहले से ही थे। रवि ने बदमाशों को टोका तो एक बदमाश ने डीसीएम के अंदर से फायर झोंक दिया।
सड़क किनारे खड़े रवि के पैर को चीरती हुई गोली जमीन जा घुसी। फायर की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र होने लगे। इसी बीच मौका देख बदमाश भी फरार हो गए। बदायूं रोड निवासी तीरथ किशोर चतुर्वेदी घायल को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने रवि का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने रवि को एक्स-रे के लिए संभल रेफर किया है।
घटना संज्ञान में आई है। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए गए हैं। वाहन चेकिंग भी तेज कर दी गई है। सभी लैपर्ड को और अधिक सक्रिय रहने के लिए कहा गया हैं। -इंद्रेश सिंह चाहर, प्रभारी निरीक्षक, चंदौसी।