कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती मुरादाबाद से नर्सिंग का कोर्स कर रही है। वह रोजाना सुबह आठ बजे ट्रेन से मुरादाबाद जाती है। इसी ट्रेन से कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक भी पढ़ने मुरादाबाद जाता है। ट्रेन में दोनों की मुलाकात होने पर जान-पहचान हो गई। युवती का आरोप है कि मई माह से युवक उसे आते-जाते व मोबाइल पर फोन कर शादी करने की बात करके परेशान करने लगा, जबकि युवती ने शादी से इनकार कर दिया।
बुधवार की सुबह करीब आठ बजे जब युवती मुरादाबाद जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंची और अपनी सहेलियों के साथ खड़ी थी, तब युवक तमंचा लेकर पहुंच गया और धमकाते हुए शादी करने की बात कही। तमंचा देख युवती व उसकी सहेलियां घबरा गईं और जीआरपी ने घटना से जीआरपी व 1090 पर कॉलकर सूचना दी। इसके बाद युवक रेलवे स्टेशन से फरार हो गया। इसके बाद युवती अपनी सहेलियों के साथ मुरादाबाद चली गई। दोपहर को युवती कोतवाली पहुंची और घटना की तहरीर दी।