बहजोई (संभल)। अनाज मंडी समिति में मंगलवार को प्रशासन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत जिले के 109 विजेता किसानों को उपहार व उपकरण वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों के लिए लाभकारी योजनाएं चलाकर अच्छा कार्य कर रही है। पीएम का सपना है कि देश के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों व उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। सरकार की ओर से किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। कहा कि बारिश से फसलों में हुए नुकसान का आकलन करने की जिम्मेदारी तहसीलदारों व लेखपालों को सौंपी गई है। जिन किसानों की फसलें खराब हुई हैं। वह किसान भी तहसीलदार व लेखपाल से संपर्क कर लें, जिससे कि वह समय रहते मुआवजे की धनराशि प्राप्त कर सकें। अतिथियों व डीएम ने किसानों को स्वीकृति पत्र व उपहार प्रदान किए। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू रहे। इस बीच एडीएम प्रदीप वर्मा समेत एसडीएम नीतू रानी, डीडीए मुरादाबाद अविनाश चंद्र मौर्य, मंडी सचिव मोहित फौजदार, डीआईओ बृजेश कुमार व सुशील कुमार रहे।