धनारी। डीपी विद्यापीठ स्कूल में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को जीसीसी और बबराला ब्लास्टर के बीच मुकाबला हुआ। इसमें जीसीसी की टीम ने 56 रन से बबराला ब्लास्टर को हराकर जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच पवन को मिला।
क्रिकेट टूर्नामेंट में जीसीसी के कप्तान ने टॉस जीकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जीसीसी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 08 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। बल्लेबाज पवन ने 85, विवेक ने 29 और सुमित ने 11 रनों का योगदान दिया। बबराला ब्लास्टर के गेंदबाज राहुल व विष्णु ने तीन- तीन और आदित्य और अखिलेश ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बबराला ब्लास्टर की टीम 19.2 ओवर में सिर्फ 132 रनों पर ही सिमट कर रह गई। बल्लेबाज युवराज ने 49 और विष्णु ने 30 रन बनाए। जीसीसी के गेंदबाज ऋषभ ने चार और विवेक व पवन ने दो- दो विकेट लिए। अंकित गुप्ता और सतीश राणा ने अंपायर की भूमिका निभाई। स्कोरिंग सतीश राणा और ललित शर्मा ने की। इस मौके पर ललित, निशांत ग्रोवर, दिनेश चंद्र गुप्ता, डॉ. महावीर, सीताराम, कुंवरपाल, विकास आदि मौजूद रहे। शनिवार को वीसीसी और महाकाल इलेवन के बीच मैच खेला जाएगा।