बबराला/चंदौसी। चैत्र पूर्णिमा पर राजघाट स्थित गंगा घाट पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ कमाया। गंगा स्नान के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु निजी व प्राइवेट वाहनों से राजघाट पहुंचे। चंदौसी से काफी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने राजघाट गए।
मंगलवार को चैत्र पूर्णिमा पर गंगा स्नान का बड़ा महत्व है। इसलिए गंगा स्नान करने के लिए सोमवार की रात से ही श्रद्धालु राजघाट के गंगा घाट पर पहुंचने शुरू हो गए। मंगलवार की सुबह से श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगानी प्रारंभ कर दी। सुबह छह बजे गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की खासी संख्या थी। गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु निजी व प्राइवेट वाहनों से राजघाट पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग ट्रैक्टर-ट्राली में बैठकर राजघाट पहुंचे।
बबराला के इंद्रा चौक पर अधिक वाहनों की आवाजाही के चलते जाम की स्थिति बनी रही। जिसे वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने खुलवाया। गंगा स्नान करने वाले लोगों की अधिक भीड़ होने के कारण डग्गामार वाहन चालक भी अपने-अपने वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर ले जाते नजर आए।
इसके अलावा चंदौसी से मंगलवार की सुबह पांच बजे से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए राजघाट रवाना होने शुरू हो गए। राजघाट जाने का सिलसिला दोपहर तक चला रहा। शाम को श्रद्धालु गंगा में स्नान कर वापस भी लौट आए। इसके अलावा बहजोई प्राइवेट बस स्टैंड पर भी राजघाट जाने वाले श्रद्धालुओं की अधिक संख्या रही। राजघाट गंगा घाट के पास सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस बल मौजूद रहा।