जुनावई। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के बाद गंगा उफान पर हैं। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। तटबंध के अंदर बसे दर्जनभर गांवों के चारों तरफ पानी पहुंच गया है। किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। सड़कें पानी में डूबने से ग्रामीणों का संपर्क टूटने लगा है।
क्षेत्र के ग्राम रघुपुर पुख्ता, मेंगरा, सालिंग की मड़ैया, उदिया नगला, बझांगी और तोतापुर सहित अन्य गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति बझांगी और उदिया नगला मार्ग की है, जहां सड़क पर तीन से चार फीट तक पानी भर गया है। कई जगहों पर पानी सड़क के ऊपर से तेज बहाव के साथ बह रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से निकलना पड़ रहा है। बझांगी गांव में कल्लू, नन्हे सहित कई गरीब ग्रामीणों की झोंपड़ियों में बाढ़ का पानी घुस गया है। नबाब सिंह रायबहादुर की पशुशाला पानी से भर गई है। पशुओं को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर ले जाने और चारे की व्यवस्था करने में ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। रघुपुर पुख्ता में वीर सिंह के मकान के चारों ओर पानी ही पानी है। गांव के प्राइमरी स्कूल के आगे और पीछे तक पानी पहुंच गया है। ग्रामीणों को डर है कि अगर जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो रातोंरात पानी गांव के अंदर घुस जाएगा।