चंदौसी के मेला गणेश चौथ में दुकान से प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त करते पालिका कर्मचारी: स्रोत- पालि
चंदौसी(संभल)। एसडीएम आशुतोष तिवारी, ईओ धर्मराज ने पालिका टीम के साथ मेले में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान मेला दुकानदारों से 47 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की गई। साथ ही, दुकानदारों से 22 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। एसडीएम ने बताया कि मेला समापन तक प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
मेला गणेश चौथ के शुरू होने से पहले ही डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने आदेश दिए थे कि मेला गणेश चौथ में दुकानदार प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग न करे। फिर भी दुकानदार प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग करने लगे। आलम ये है कि दोपहर के समय जगह-जगह पॉलिथीन के ढेर मेला गणेश चौथ में देखने को मिलते थे।
शुक्रवार को एसडीएम व ईओ ने मेला गणेश चौथ में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पालिका के कर्मचारी भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान मेला दुकानदारों में हड़कंप मच गया, दुकानदार अपनी अपनी दुकानों में पॉलिथीन छिपाते नजर आए।
ईओ ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ चलाए गए अभियान में 47 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन को जब्त किया गया है। साथ ही, दुकानदारों से 22 हजार रुपये की वसूली की गई है। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक ऋषभ चौहान, सुनील कुमार, प्रियंका सिंह सफाई सहित पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।