मंडी समिति में आढ़ती की दुकान से उचक्के ने फल खरीदने आए व्यापारी के थैला चोरी कर लिया। जिसमें करीब डेढ़ लाख रुपये थे। उचक्का चोरी करते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। व्यापारी ने पुलिस को तहरीर दी है।
संभल के रायसती निवासी मोहम्मद इमरान मंडी से फल खरीदकर ग्रामीण क्षेत्रों में रेहड़ी वालों को पहुंचाते। शुक्रवार की सुबह सात बजे करीब इमरान रोजाना की तरह मंडी में फल खरीदने पहुंचे। उन्होंने एक आढ़ती को पैसे देने के लिए काउंटर पर थैला रखकर कुछ पैसे निकाले और गिनने लगे। इसी दौरान यहां उनके पीछे आए एक युवक ने नजर बचते ही थैला गायब कर दिया। कुछ समय बाद व्यापारी को थैले की याद आई तो उसके होश उड़ गए। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए। एक युवक थैली लेकर तेजी से जाता दिखाई दिया। व्यापारी ने बताया कि थैली में डेढ़ लाख रुपये थे। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।