संभल। जनसुनवाई और अन्य गंभीर मामलों में लापरवाही बरतने वाले चार इंस्पेक्टर और तीन सब इंस्पेक्टर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने लाइन हाजिर कर दिए हैं। दो चौकी प्रभारी गंभीर आरोपों के चलते निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई कानून व्यवस्था की बैठक के बाद की गई।
शुक्रवार को तबादला सूची जारी की गई है। संभल कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह को जनसुनवाई में लापरवाही बरतने पर लाइन हाजिर किया गया है। बहजोई थाने में तैनात कार्यवाहक प्रभारी अजीत कुमार को मारपीट के मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं करने पर लाइन भेजा है। कुढ़ फतेहगढ़ थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी को भी विवाद में लापरवाही बरतने पर लाइन भेजा है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी अमरीश कुमार को भी साइबर क्राइम की शिकायतों में लापरवाही बरतने पर लाइन हाजिर किया है। चंदौसी कोतवाली की पुलिस चौकी मंडी समिति के प्रभारी दुष्यंत गोस्वामी, सीता आश्रम पुलिस चौकी के प्रभारी शिवाजी पुंडीर, पुलिस चौकी बरई प्रभारी अमरपाल सिंह को भी जनसुनवाई में लापरवाही बरतने पर लाइन हाजिर किया है। वहीं, दूसरी ओर संभल कोतवाली क्षेत्र की नूरियो सराय पुलिस चौकी प्रभारी अनुज आर्य पर अवैध वसूली का आरोप लगा था और बहजोई थाने की पुलिस चौकी पाठकपुर के प्रभारी आकाश पर मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप है। इनको एसपी ने निलंबित कर दिया है।
संभल कोतवाली की जिम्मेदारी हजरतनगर गढ़ी थाना प्रभारी सुधीर पंवार को सौंपी है। हजरतनगर गढ़ी में एसपी के पीआरओ संजय कुमार को चार्ज दिया है। नखासा थाना प्रभारी संजीव कुमार को हयातनगर और हयातनगर थाना प्रभारी उमेश सिंह को नखासा थाने की जिम्मेदारी मिली है। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार को बहजोई का प्रभारी बनाया है। कैलादेवी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा को थाना कुढ़फतेहगढ़ और कैलादेवी थाने की जिम्मेदारी आरटीसी प्रभारी राधेश्याम शर्मा को दी गई है। फील्ड यूनिट के प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह चौहान को प्रभारी साइबर सेल बनाया है। धनारी थाना प्रभारी संजय कुमार को गुन्नौर कोतवाली का चार्ज दिया है। धनारी में तैनाती जुनावई थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान को मिली है। पुलिस लाइन में तैनात सब इंस्पेक्टर धीरज सिंह को जुनावई थाने का प्रभारी बनाया है। सब इंस्पेक्टर मोहित काजला को पुलिस लाइन से एसपी पीआरओ, मीडिया सेल प्रभारी बनाया गया है। असमोली थाने की पुलिस चौकी मनोटा के प्रभारी संदीप कुमार शर्मा को एसपी का पीआरओ द्वितीय बनाया गया है।