संभल जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान हुए बवाल में कोतवाली पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर पत्थरबाजी करने वालों की पहचान की गई है। अब तक दर्ज 12 मुकदमों में कुल 96 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
संभल कोतवाली पुलिस ने बवाल में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें दो सगे भाई और दो पिता-पुत्र शामिल हैं। आरोपियों ने बवाल के दौरान पत्थरबाजी की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व वीडियो के माध्यम से आरोपियों की पहचान की।
विज्ञापन
एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में कोटगर्बी निवासी हैदर अली, मुनव्वर अली, अब्दुल अली और अकबर अली शामिल हैं। इन आरोपियों को इनके घर से गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों ने बवाल के दौरान पत्थरबाजी करने का जुर्म भी कबूल किया है।
आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया है। बताया कि बवाल मामले में दर्ज 12 मुकदमों में 96 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। इसमें जामा मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट भी शामिल हैं। 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान भीड़ एकत्र हुई थी और बाद में इस भीड़ ने बवाल कर दिया था।
विज्ञापन
पुलिस पर फायरिंग और पत्थरबाजी की थी। साथ ही तोड़फोड़ और आगजनी की थी। इसमें पांच लोगों की मौत हुई थी। जबकि 29 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस बवाल की सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने वीडियो बनाए थे। इन वीडियो के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
एसपी ने बताया कि अभी तक जो आरोपी जेल भेजे गए हैं। सभी के खिलाफ सबूत पुलिस को मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज और मौके पर बनाए गए वीडियो से आरोपियों की पहचान की गई है। इसी तरह से कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एसपी ने बताया कि बवाल में दर्ज 12 मुकदमों में से 11 मुकदमों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जा चुकी है। एक जानलेवा हमले के मामले की विवेचना चल रही है। उसकी चार्जशीट भी जल्द कोर्ट में दाखिल कराई जाएगी।