संभल-मुरादाबाद मार्ग पर डिवाइडर पर लगा पाइप पर नहीं है रेडियम। संवाद
संभल। सर्दी के मौसम में सुबह और शाम के वक्त हल्का कोहरा छाने लगा है। ऐसे में संभल-मुरादाबाद मार्ग पर डिवाइडर पर न तो कहीं संकेतक हैं और न ही रेडियम पाइप। डिवाइडर भी टूटा हुआ भी है। ऐसी कई कमियों को दूर कराने के लिए पीडब्ल्यूडी गंभीर नहीं दिख रहा है जबकि वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हर वक्त हादसों का खतरा बना रहता है। ऐसे में राहगीरों को अंदाजा लगाकर ही सफर करना पड़ रहा है।
संभल से सिरसी में बहमन पब्लिक स्कूल तक करीब 12 किलोमीटर क्षेत्र में डिवाइडर पर कोहरे की दस्तक के बावजूद सुरक्षा के इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं। सिरसी रेलवे क्राॅसिंग के पास डिवाइडर टूटा हुआ है और उसके सरिये बाहर निकल रहे हैं। गांव मखदूमपुर मोड़ पर डिवाइडर क्षतिग्रस्त है। इसके अलावा डिवाइडर पर संकेतक नहीं नजर आ रहे हैं। कहीं रेडियम पाइप लगे हैं तो रेडियम नहीं दिख रहा है। कुछ स्थान ऐसे भी हैं जो जहां रेडियम वाले पाइप ही टूटे हुए हैं और सिर्फ लोहे की पत्ती रह गई है। पूरे डिवाइडर पर पेंट नहीं हुआ है। कई जगह कट वाले स्थानों पर भी डिवाइडर टूटा हुआ है।
अभी सुबह और शाम के समय से हल्के कोहरे में मार्ग पर जैसे-तैसे वाहनों से लोग सफर कर रहे हैं लेकिन अगर कोहरा ज्यादा आने लगा तो हादसा हो सकता है क्योंकि सुरक्षा की दृष्टि से इंतजाम नहीं हैं। वाहन चालकों का भी कहना है कि पीडब्ल्यूडी को मुख्य मार्ग पर बने डिवाइडर पर सुरक्षा के प्रबंध कराने चाहिए। हालांकि पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सुनील प्रकाश का कहना है कि डिवाइडर पर करीब 40 लाख रुपये की लागत से यातायात सुरक्षा को लेकर इंतजाम कराए जाएंगे। यह कार्य एक सप्ताह में शुरू कराएंगे।
संभल-मुरादाबाद मार्ग पर डिवाइडर पर लगा पाइप पर नहीं है रेडियम। संवाद