गुन्नौर के गांव मेहुआ हसनगंज में सैनिटाइज करते कर्मचारी।
- फोटो : SAMBHAL
संभल/गुन्नौर। दिल्ली की आजादपुर सब्जी मंडी में काम करने वाले दो लोग और मंडी के आसपास ठेला लगाकर गुजारा करने वाले तीन युवक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह पांच लोग लॉक डाउन के दौरान संभल जिले की गुन्नौर तहसील स्थित अपने-अपने गांव आए थे। इन्हें क्वारंटीन कर दिया गया था। कोरोना की जांच के लिए सभी के नमूने पांच मई को भेजे गए। कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट शुक्रवार को आई है। रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें इनके गांवों में पहुंच गईं। इनके संपर्क में रहे 44 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। जो लोग छूट गए हैं अब उन्हें भी तलाशा जा रहा है।
जिले की गुन्नौर तहसील के मेहुआ हसनपुर गांव में आजादपुर मंडी में ठेला लगाने वाला एक व्यक्ति 29 अप्रैल को आया। इसके बाद 2 मई को दो लोग और आए जो फल मंडी के पास ठेला लगाकर रोजीरोटी कमा रहे थे। जब लॉकडाउन प्रभावी हुआ तो वहां से सब्जी और फल लाने ले जाने वाले ट्रकों में सवार होकर अपने गांव आ गए। गांव से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो मई को क्वांरटीन किया। इसके बाद कोरोना की जांच के लिए नमूने लिए गए। अब्दुलहई तरफरी गांव के निवासी दो लोग पहली मई की रात दो बजे ट्रक में सवार होकर अपने गांव में पहुंचे थे। इन्हें गांव बाहर रोक लिया गया था।
गांव वालों की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और दोनों को लेकर गुन्नौर के आश्रय स्थल में बनाए गए क्वारंटीन केंद्र में ठहरा दिया गया। यह दोनों एक फल की दुकान में काम करते थे। जांच के लिए इन पांचों लोगों के नमूने लिए गए जो लखनऊ स्थित पीजीआई की लैब में जांच के लिए भेजे गए। जांच रिपोर्ट आठ मई को आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शुक्रवार को दोनों गांवों का दौरा किया है।
पांचों व्यक्तियों के संपर्क में रहे 44 लोगों को क्वारंटीन केंद्र ले जाया गया है। अब कोरोना की जांच के लिए इन सभी के नमूने लिए जाएंगे। गुन्नौर तहसील के मेहुआ हसनगंज गांव के तीन और अब्दुल हई तरफरी के दो कोरोना संक्रमित को जोड़ने के बाद जिले में कोरोना संक्रमित की संख्या 29 पहुंच गई है। इसमें आठ कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। अब बीस लोगों का उपचार हो रहा है।