संभल, असमोली और चंदौसी के पांच प्रत्याशी लेखा मिलान कराने नहीं पहुंचे, नोटिस जारी
संभल। विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग की ओर से नियुक्त व्यय प्रेक्षक की उपस्थिति में बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में व्यय मिलान किया गया। इसमें चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से 10, असमोली विधानसभा क्षेत्र से 9, संभल विधानसभा क्षेत्र से 9 और गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र से 9 प्रत्याशियों का लेखा मिलान किया गया। वरिष्ठ कोषाधिकारी विजय शुक्ला ने बताया कि असमोली विधासभा से एआईएमआईएम प्रत्याशी शकील अहमद, आप प्रत्याशी अंजू, संभल विधानसभा क्षेत्र के शिव सेना प्रत्याशी जाहिद, एआईएमआईएम प्रत्याशी मुशीर खां तरीन व चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से आजाद समाज पार्टी के रवींद्र कुमार अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित प्रत्याशियों को नोटिस जारी किया जाएगा। बताया कि विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों द्वारा चुनाव में खर्च की जा रही धनराशि से संबंधित दस्तावेजों का मिलान गहनता के साथ किया जा रहा है।
बसपा प्रत्याशी के समर्थकों पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज
संभल। असमोली विधानसभा क्षेत्र के गांव मदाला में कोरोना गाइडलाइन और आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई है। यह कार्रवाई बसपा प्रत्याशी के समर्थकों के खिलाफ हुई है। आरोप है कि बसपा प्रत्याशी के समर्थकों ने भीड़ एकत्र कर चुनावी सभा की। असमोली थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल ने बताया कि पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव मदाला में असमोली विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी के समर्थक सरीयत व बिलात 30-35 अन्य समर्थकों के साथ चुनावी जनसभा कर रहे थे। यह जनसभा बसपा प्रत्याशी के समर्थन में की जा रही थी। मौके पर आचार संहिता उल्लंघन के साथ ही कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन होता मिला। इसी क्रम में रिपोर्ट दर्ज की गई है।