संभल। नवंबर के खाद्यान्न उठान में धीमी प्रगति पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्यप्रिय सिंह ने नाराजगी जताते हुए संबंधित परिवहन ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने 7 नवंबर तक शत-प्रतिशत खाद्यान्न उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समयसीमा में उठान पूरा नहीं होने पर ठेके निरस्त करने के साथ ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम ने विकासखंडवार खाद्यान्न उठान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान शर्मा एसोसिएट के अधीन बनियाखेड़ा में 51 प्रतिशत, असमोली में 47 प्रतिशत और रजपुरा में महज 36 प्रतिशत खाद्यान्न उठान पाया गया। वहीं, नारंग एक्सपोर्ट के आवंटित क्षेत्र में भी उठान की प्रगति मात्र 34 प्रतिशत मिली। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्देशों का पालन न करने वालों के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण एवं ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीएफएमओ संजीव राय, जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग, एआरओ, पूर्ति निरीक्षक, प्रेषण प्रभारी तथा सिंगल स्टेज परिवहन ठेकेदार मैसर्स शर्मा एसोसिएट, नारंग ट्रांसपोर्ट एवं अरोड़ा ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।