चंदौसी। जारई रोड स्थित गोकुलधाम कॉलोनी के पास बृहस्पतिवार दोपहर गेहूं के खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में अचानक फॉल्ट होने से चिंगारियां गिरने लगीं, जिससे फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। मौके पर मौजूद किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर दमकल कर्मी और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
गांव असालतपुर जारई निवासी तेजेंद्र सिंह और अरविंद सिंह के गोकुलधाम कॉलोनी स्थित गेहूं के खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे लाइन में आए फॉल्ट के दौरान निकली चिंगारी से खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने फोन कर खेत स्वामी को आग लगने की सूचना दी।
मौके पर पहुंचे तेजेंद्र सिंह ने आसपास के किसानों और अन्य लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। सूचना मिलने पर दमकल, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित किसान ने बताया कि अगले दिन से कटाई शुरू होनी थी, लेकिन आग ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।
करीब 80 कुंतल गेहूं जलकर नष्ट हो गया, जिसकी कीमत चार लाख रुपये करीब की है। लेखपाल अर्पित सक्सेना ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिससे पीड़ित किसान को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जा सके।