रजपुरा के हरदासपुर गांव में घटना की जानकारी करते एएसपी।
- फोटो : amar ujala
उधारी के रुपये वसूलने निकले गांव हरदासपुर के पशु व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अगले दिन सुबह गांव के पास गेहूं के खेत में ही उसका शव पड़ा मिला। शव के पास एक तमंचा, शराब, पानी की बोतल, डिस्पोजल गिलास भी पड़े मिले।
मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी दिख रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि, हत्या से पहले उसकी पिटाई भी की गई है। सूचना पर पहुंचे एएसपी कई थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।
इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने हत्या में एक आरोपी गिरवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य युवक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव हरदासपुर निवासी दिनेश शर्मा (45) पुत्र सालिगराम शर्मा पशुओं का व्यापार करता था। परिजनों के मुताबिक, दिनेश शर्मा सोमवार शाम करीब पांच बजे बाइक से बुलंदशहर जनपद स्थित नरसेना थाना क्षेत्र के गांव पौसरा निवासी पूर्व प्रधान से उधारी वसूलने गया था।
परिजनों का कहना है कि, शाम करीब आठ बजे दिनेश से आखिरी बार संपर्क हुआ था। इस दरम्यान दिनेश ने फोन से परिजनों को प्रधान से झगड़े के संबंध में जानकारी दी थी। इसके बाद से दिनेश का फोन बंद आने लगा। इसके बाद उन लोगों ने रात में ही पुलिस को घटना की जानकारी दी और दिनेश को तलाशने पौसरा गांव पहुंचे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
अगली सुबह गांव के दूधिए ने गवां-अनूपशहर मार्ग स्थित एक होटल के पास दिनेश की बाइक खड़ी देखी तो परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन जंगल पहुंच गए। वहां गेहूं के खेत में दिनेश का शव खून से लथपथ पड़ा था। पास ही तमंचा और शराब की बोतल भी पड़ी थी। व्यापारी का फोन और एक हेल्मेट भी पास ही मिला है। कुछ ही देर में आस-पास के ग्रामीण घटना स्थल पर एकत्र हो गए।