संभल। कोतवाली क्षेत्र के पावर हाउस में जुआ खेलते समय दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हुए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
मंगलवार की शाम कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हाता वारिसनगर निवासी जिम्मी अपने भाई अमर खान को देखने के लिए पावर हाउस गया था। वहां पहले से कुछ लोग बैठे जुआ खेल रहे थे। जिम्मी भी जुआ खेलने लगा। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। जिम्मी ने फोन करके अपने भाई व अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। फिर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट की घटना में जिम्मी का होंठ किसी ने दांतों से काट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि दूसरे पक्ष से अनीस निवासी पावर हाउस घायल हो गया। जिम्मी पक्ष के लोग अनीस को पकड़कर कोतवाली ले गए। जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जिम्मी व अनीस को सीएचसी में भर्ती कराया है। जिम्मी ने दूसरे पक्ष पर आठ हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है।