संभल। पवांसा क्षेत्र में बुखार का प्रकोप अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांवों में बुखार पीड़ित बड़ी संख्या में हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में शिविर लगाकर उपचार कर रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को किसौली और करछली में 405 मरीज स्वास्थ्य विभाग की टीम ने देखे। दवाओं का वितरण किया। मलेरिया की जांच के लिए रक्त की स्लाइड भी बनाईं गईं। डाक्टरों को दोनों स्थानों पर 62 मरीज बुखार के मिले। प्रथम जांच में मलेरिया का कोई मरीज नहीं मिला। दोनों जगह 63 मरीजों के ब्लड सेंपल लिए गए। अब आगे की जांच होगी।
बुखार प्रकोप दस दिन से चल रहा है। अतरासी में बुखार से तीन मौतें हो चुकी हैं। किसौली में बुखार से दो और अजीमाबाद में बुखार से एक मौत हुई है लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अभी बुखार से किसी मौत की पुष्टि नहीं की है। मौत की वजह अलग-अलग बताई जा रही है। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांवों में शिविर लगा रहीं है। अतरासी और अजीमाबाद में शिविर लगा चुके हैं।
अब उन गांवों में शिविर लगाए जा रहे हैं जहां बुखार पीड़ित लोगों की सूचना मिल रही है। इसी क्रम में शनिवार को करछली में पवांसा सीएचसी की टीम ने 223 मरीज देखे। इसमें 35 मरीज बुखार के थे। सभी के रक्त के नमूने लिए गए हैं। इसके अलावा किसौली गांव में 182 मरीज देखे गए जिसमें 25 मरीज नए बुखार के सामने आए। किसौली गांव में शुक्रवार को भी शिविर लगा था जिसमें बुखार के 40 मरीज सामने आए थे।