संभल के राजकीय कन्या इंटर कालेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में मौ?
- फोटो : SAMBHAL
अपराजिता अभियान से बेटियों को मिला आगे बढ़ने का हौसला
- राजकीय इंटर कालेज में छात्राओं के लिए आयोजित की गई कार्यशाला
अमर उजाला ब्यूरो
संभल। राजकीय इंटर कालेज में अमर उजाला अपराजिता-100 मिलियन स्माइल अभियान के तहत छात्राओं के बीच कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की सफल महिलाओं ने बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बेटियां भी बोलीं की उन्हें अभियान से आगे बढ़ने का हौसला मिला है। वे किसी से कम नहीं हैं। इसलिए अब न थकेंगी न निराश होंगी बल्कि आगे बढ़ती रहेंगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. बुशरा मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए बेटों की तरह बेटियों के सामने भी चुनौतियां आती हैं। लेकिन हमें बेटों की तरह उन चुनौतियों को स्वीकार करते हुए आगे बढ़ना होगा। तभी सफलता हमारे कदम चूमेगी। बाल विद्या मंदिर की शिक्षक तापसी ने कहा कि मेहनत को मुकाम मिलता है, बशर्ते हम निराश न हों। इसी विद्यालय की शिक्षक अनीता अग्रवाल ने कहा कि पहले लक्ष्य तय करें। फिर दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ जुट जाएं। अपने को कमजोर न मानें। दूसरे के कहने पर न चलें, खुद को मजबूत बनाएं और कामयाबी पाएं। विशिष्ट अतिथि के तौर पर आए प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के सहायक महाप्रबंधक डीके सारस्वत ने कहा कि अगर बेटियां यह तय कर लें कि हम थकेंगे नहीं, बल्कि आगे बढ़ते रहेंगे, तो उन्हें तरक्की से कोई नहीं रोक पाएगा। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की अधिकारी वैदेही कुमारी ने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने गांव से अपना जीवन शुरू किया और बैंक अफसर बनीं। जब तय कर लिया है कि आगे बढ़ना है तो लोग सहयोगी बनते चले गए। पुलिसकर्मी नीरज गहलोत और रीना कुमारी, राजस्व कर्मी मोना आर्य और पूनम गौतम ने भी अपने अनुभव सुनाए। साथ ही कहा कि जब वह दूसरे जनपदों से आकर संभल में नौकरी कर सकती हैं तो यहां की बेटियां भी प्रदेश में कहीं भी नौकरी करने में सक्षम हैं। इसलिए अपने को कमजोर न मानें। सभी ने अमर उजाला की पहल को सराहा। विजय सिंह गुड्डू ने बेटियों का हौसला बढ़ाने वाली कविताएं सुनाईं। राजकीय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य शशि प्रभा यादव ने कहा कि अपराजिता अभियान से बेटियों को आगे बढ़ने का हौसला मिला है। इसके लिए वह अमर उजाला की सराहना करतीं हैं।
फोटो