संभल। मुरादाबाद मार्ग स्थित चंदौसी व असमोली बाईपास पर सड़क किनारे सफेद पट्टी व संकेतांक न होने से कोहरे के चलते वाहन चालकों व राहगीरों को हादसे की आशंका बनी रहती है। इस मार्गों पर सफेद पट्टी व संकेतांक न होने से तेज रफ्तार वाहनों को रात के समय मोड़ इत्यादि का पता नहीं चल पाता है।
मुरादाबाद मार्ग स्थित संभल-चंदौसी बाईपास व संभल-असमोली बाईपास पर रेडियम व संकेतांक नहीं है। ऐसे में वाहन चालकों को कोहरे के समय बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रात के समय अक्सर आगे के रास्ते न दिखने पर वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं।
राहगीरों ने बताया कि कोहरे में रेडियम व संकेतांक हादसों की रोकथाम के लिए सहायक होते हैं, लेकिन यहां कहीं भी संकेतांक नहीं हैं। सड़कों पर दोनों ओर सफेद पट्टी होने से हादसे की आशंका कम रहती है। ब्रेकरों पर सफेद पुताई भी नहीं है, जिससे कई बाइक सवारों के साथ हादसे हो रहे हैं।
बाइक से प्रतिदिन आना-जाना होता है। सर्दी के समय मार्ग पर घना कोहरा आ जाता है, सड़क सफेद पट्टी न होने से बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मार्ग के दोनों ओर गहरे गड्ढे हैं। इसलिए हादसा होने की आशंका बनी रहती है
मोहम्मद नाजिम
मार्ग पर सफेद पट्टी व संकेतांक न होने से कोहरे में मोड़ दिखाई नहीं देते। सफेद पट्टी होती है तो वाहन उसी के सहारे चलते हैं। रात के समय में वाहन चलाते समय दिक्कत ज्यादा होती है।
मोहम्मद ताहिर
बजट नहीं है। इसलिए बाईपास का काम रुक गया है। जैसे ही बजट आएगा तो पहले बाईपास का काम होना है। सफेद पट्टी व इंडिकेटर लगाए जाएंगे।
मोहम्मद इकबाल, अवर अभियंता, लोकनिर्माण विभाग, संभल