कोतवाली क्षेत्र के गांव बिछौली निवासी नूर मोहम्मद ने बुधवार को तहरीर देकर बताया था कि उनके दो बेटे मोहम्मद अदनान व मोहम्मद तैय्यब का मंगलवार को अपहरण किया गया है। बताया था कि वहमुरादाबाद जिले के कोतवाली मैनाठेर अंतर्गत गांव महमूदपुर माफी स्थित मदरसे में पढ़ने जा रहे थे। पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की तो शिकायतकर्ता पिता पर ही शक गहरा गया।
गहनता से पूछताछ की तो शिकायतकर्ता पिता ही अपहरण का आरोपी निकला। बताया कि उसकी पत्नी कुछ महीने पहले गांव निवासी व्यक्ति के साथ चली गई थी। उसमें रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पत्नी को बरामद कर लिया था लेकिन मजिस्ट्रेट के सामने प्रेमी के साथ ही रहने का बयान दिया था। उसके बाद वह चली गई। आगे बताया कि वह बच्चों के अपहरण की झूठी कहानी बनाकर पत्नी के साथी को फंसाना चाहता था और इसके पीछे ये भी मकसद था कि पत्नी जब बच्चों के अपहरण की बात सुनेगी तो घर आ जाएगी।
पुलिस ने आरोपी पिता की निशानदेही पर उसके दोस्त नखासा थाना क्षेत्र के रायसत्ती निवासी मुशाहिद के घर से बच्चों को बरामद कर लिया। अपहरण करने और साजिश रचने की धाराओं की रिपोर्ट दर्ज की और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है।
आरोपी की पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई है। आरोपी ने अपनी पत्नी के साथी को फंसाने के लिए दोस्त के साथ मिलकर यह साजिश की। पुलिस गहन पड़ताल में घटना का खुलासा किया गया है। आरोपी जेल चले गए हैं। -श्रीशचंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक, संभल।