संभल। प्रांतीय आह्वान पर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलवार को सड़क पर उतर आए। ब्लाॅक मुख्यालयों पर प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपे। इसमें खाद, बीज, बिजली और पानी की पर्याप्त आपूर्ति देने की मांग की गई है। साथ ही, समाधान न होने पर आंदोलन का अल्टीमेटम दिया है।
ज्ञापन में बताया कि इन समस्याओं के कारण प्रदेश का किसान परेशान हैं और नौकरशाही की कार्यप्रणाली ने किसान को लाचार बना दिया है। बाजार में नकली बीज, खाद और कीटनाशक की बिक्री से आर्थिक मार झेल रहे किसान का खाद की कमी, वितरण अव्यवस्था धैर्य तोड़ रही है। किसानों ने अब अपने अधिकारों के लिए भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में सड़क पर उतरने का मन बना लिया है। इसी उद्देश्य से यह शुरुआत की गई है।
पदाधिकारियों ने ब्लॉक मुख्यालयों के अलावा केंद्र सरकार से संबंधित समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री, राज्य सरकार से संंबंधित समस्या को लेकर मुख्यमंत्री और स्थानीय समस्याओं के बारे में डीएम को ज्ञापन सौंपा है। इसमें रवि की फसल के लिए खाद व बीज की समय से आपूर्ति करने की मांग की है। मांगों को पूरा नहीं करने पर आंदोलन करने का अल्टीमेटम दिया है। रजपुरा में भाकियू कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में हाल ही में हुई अत्यधिक वर्षा के कारण किसानों की जो फसलें बर्बाद हुईं, उनका मुआवजा दिए जाने की मां की है।
ज्ञापन के दौरान संभल ब्लॉक में सोनू पाल, रिंकू वर्मा, दाताराम, सुरेश पाल सिंह, राजेंद्र सिंह, भूकेेंद्र सारस्वत, प्रशांत कुमार आदि रहे। जबकि पवांसा में अखिलेश सिंह राघव, गोविंद कुमार, अमित राघव, रामफल सिंह,राजेश सिंह, अमन राघव, चेतन राघव, अनिकेत राघव आदि रहे।