चंदौसी। यूपी-दिल्ली बार्डर पर तीन कृषि कानूनों को लेकर चल रहे आंदोलन में जिले के किसान डटे हैं। लगातार विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार जैसे उद्योगपतियों के ऋण माफ कर रही है, ऐसे ही किसानों के भी ऋण माफ करे। जब तक तीनों कानून वापस नहीं हो जाते, आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन में दंगल का भी आयोजन किया गया।
आंदोलन स्थल पर संबोधित करते हुए प्रदेश प्रमुख महासचिव बिजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि 26 जनवरी की परेड में दिल्ली में लाखों वाहन के साथ किसान शामिल होंगे। सरकार पूंजीपतियों के आगे झुकी हुई है। सरकार किसानों का हित सोचती है तो उद्योगपतियों की तरह किसानों का कर्जा भी माफ करे। बिजली का बिल आधा करे और तीनों कानूनों को वापस ले। कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री समस्या का समाधान नहीं चाहते हैं। जिला अध्यक्ष शंकर सिंह, मीनाक्षी चौधरी मनोज चौधरी, वरिष्ठ भाकियू नेता ऋषिपाल सिंह, प्रदेश सचिव चरण सिंह, रामवीर सिंह यादव, भुवनेश यादव, गुलफाम सिंह, महावीर सिंह, जबर सिंह यादव आदि मौजूद रहे। े