सिंभल। विद्युत आपूर्ति न मिलने से आक्रोशित लोगों ने भाकियू के बैनर तले खिरनी सब स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन कर समस्या के समाधान की मांग उठाई। फाल्ट के चलते टूटने वाले विद्युत तारों को जोड़ने की एवज में सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। अधिकारियों से मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के बैनर तले बागड़पुर छाईया के ग्रामीण सोमवार को खिरनी सब स्टेशन पर एकत्र हुए। गांव को 15 दिनाें से विद्युत आपूर्ति न मिलने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि 15 दिन से सप्लाई ठप है। विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। भीषण गर्मी में ग्रामीण परेशान हैं। फ्रीज, कूलर, पंखे, मोबाइल और इन्वर्टर सभी शोपीस बनकर रह गए हैं। पीने के पानी को भी ग्रामीण तरस गए हैं और फसलें भी सूख रही हैं। इस दौरान नाना सिंह, महिपाल, शीशपाल सिंह, सत्यपाल, रामचंद्र, रामकिशन, वीरपाल, हरिओम, सोमवीर, राकेश पाल, बृजपाल, महेश सिंह, बुध सिंह, अमरीश, वीरसिंह आदि मौजूद रहे।