संभल। कंटेनर ट्रक चालक की लापरवाही के चलते गिरे बिजली के खंभे और लाइन से करीब दो हजार की आबादी के लिए मुश्किल हो गई। पीने के लिए पानी को मशक्कत करनी पड़ी और भीषण गर्मी में लोगों का हाल बेहाल रहा। लोगों में रोष देखने को मिला। कई लोगों ने बिजली विभाग पर ही लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और उपभोक्ताओं की सुनवाई नहीं करने की बात कही। वहीं दूसरी ओर इस हादसे में बिजली विभाग का करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है और जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई के लिए स्टीमेट विभाग तैयार कर रहा है।
नगर के दुर्गा कॉलोनी में रविवार की शाम करीब पांच बजे से बिजली गुल है। 250 से ज्यादा उपभोक्ताओं के परिवार गर्मी से परेशान रहे और पीने को पानी तक नहीं मिला। कई लोग दूसरे इलाकों से जाकर पीने के पानी लेने के लिए पहुंचे। जो इन्वर्टर थे वह रविवार की आधी रात में ही दम तोड़ गए थे। सोमवार की सुबह से बिजली कर्मचारी सुधार करने में जुटे लेकिन सोमवार की देर रात तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी।
दरअसल रविवार की शाम 5 बजे करीब एक कंटेनर की टक्कर से एलटी लाइन के साथ ही दुर्गा कालोनी के चार खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। एक खंभा तो टूटकर जमीन पर ही गिर गया था। इस हादसे से 400केवी का ट्रांसफार्मर भी फुंका है। जिस ट्रक से हादसा हुआ वह एक ट्रांसपोर्ट पर माल उतारकर लौट रहा था। 24 घंटे से ज्यादा बिजली गुल होने पर लोगों में रोष देखने को मिला। कहा कि कई बार लाइन ऊंची करने के लिए विभाग से कहा था लेकिन सुनवाई नहीं की। यदि लाइन ऊंची होती तो हादसा बच सकता था और गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना करना नहीं पड़ता।
वहीं दूसरी ओर एसडीओ शहर ने बताया कि इस हादसे में करीब विभाग का पचास लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कार्रवाई के लिए तहरीर दे दी है और नुकसान की भरपाई के लिए स्टीमेट बनाया जा रहा है।