सरायतरीन। गांव पवांसा में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार कार्यालय पर किसानों को बुकिंग के बाद भी मंगलवार को गेहूं का बीज नहीं मिलने पर किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। नाराजगी जताते हुए किसानों ने कहा कि बीज न मिलने से बोआई में देरी हो रही है। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी इंतजार ही हाथ लग रहा है।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे गोदाम प्रभारी मौके पर मौजूद थे। तमाम किसान बीज लेने के लिए खड़े थे। किसानों को सिर्फ मूंग, पीली सरसों और उड़द का ही बीज वितरित किया जा रहा था। गोदाम पर गेहूं का बीज नहीं होने को लेकर किसानों ने नाराजगी जाहिर की। किसान महावीर सिंह, हरिश्चंद्र यादव, डीपी यादव, सोमदत्त यादव, बाबाजी सिंह, दामोदर सिंह, गीतम सिंह, पप्पू सिंह, मनोज कुमार, बृजेश यादव आदि ने विरोध प्रदर्शन किया।
किसानों का कहना था कि बीते तीन दिन से गेहूं का बीज नहीं होने से किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान सुबह अपने घर से चलकर बीज लेने पहुंचते हैं, मगर देर शाम तक इंतजार के बाद भी निराश होकर लौटना पड़ रहा है। ये हाल तब है, जब किसानों ने गेहूं के बीज की बुकिंग पहली ही कर दी थी। इसके बाद भी बोआई के लिए बीज नहीं मिल पा रहा है।
निजी दुकानों पर जाना मजबूरी
राजकीय कृषि बीज भंडार पर बीज न मिलने के कारण किसानों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। बोआई में देरी न हो, इसके लिए निजी दुकान से महंगा बीज लेने के लिए मजबूर होंगे। जिन किसानों की जमीन की जोताई हो चुकी है, उन्हें तो तत्काल बीज की आवश्यकता है। ऐसे में निजी दुकानों से बीज लेना उनकी मजबूरी है, क्योंकि बोआई में देरी फसल के लिए ठीक नहीं।
पीड़ा.. कई बार लगा चुके चक्कर, मिल रही निराशा
23 अक्तूबर को बुकिंग कर दी गई है, मगर गेहूं का बीज नहीं मिल पा रहा। कर्मचारियों से शिकायत करने पर बीज नहीं होने की बात कही जा रही है। समय से बीज नहीं मिलने पर बोआई में देरी हो रही है।
सोमदत्त यादव, अतरासी
दो क्विंटल गेहूं के बीज की बुकिंग 13 नवंबर को हो गई थी, तीन दिन बीत जाने के बाद भी बीज नहीं मिल पा रहा है। कई बार बीज भंडार के चक्कर लगा चुके हैं लेकिन सिर्फ निराशा ही हाथ लग रही है। जोताई के बाद समय पर बीज नहीं मिलने से जमीन में नमी कम होती जा रही है।
हरिओम यादव, अतरासी
दो क्विंटल गेहूं के बीज की बुकिंग के लिए आवेदन कर चुके हैं, मगर बीज भंडार पर बुकिंग नहीं होने की बात कहकर बीज नहीं दिया जा रहा है। समय से बीज नहीं मिलने से बोआई में देरी हो रही है और खेत की नमी भी कम हो रही है।
महावीर सिंह, अतरासी
-
केंद्र पर विभाग से 900 क्विंटल गेहूं का बीज मिला था, जिसमें 100 क्विंटल योजना के तहत मिला था। गेहूं का बीज ब्लॉक क्षेत्र के उन सभी किसानों को बुकिंग के अनुसार वितरण कर दिया गया है। 300 क्विंटल बीच की डिमांड जिला स्तरीय अधिकारियों को भेज रखी है। गेहूं का बीज प्राप्त होते ही जिन किसानों की बुकिंग हो चुकी है उनका वितरण किया जाएगा। इस समय सिर्फ मूंग, मसूर, उरद, और पीली सरसों के बीज बुकिंग के अनुसार किसानों को वितरण किया जा रहा है। -मनोज कुमार, प्रभारी, राजकीय कृषि बीज भंडार, पवांसा।