धनारी(संभल)। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी बिचौला में बुधवार की सुबह ईदगाह के पास सड़क किनारे गांव हिम्मतपुर निवासी किसान रामौतार (42) का शव मिला। परिजनों का कहना है कि मंगलवार को रामौतार बैंक जाने की बात कह कर घर से निकले थे और फिर घर नहीं लौटे। परिजन हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं। हालांकि शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बुधवार की सुबह छह बजे करीब थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी बिचौला के निकट सड़क किनारे एक शव पड़ा था। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पाकर थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। शरीर पर चोट के निशान भी नहीं मिले। मृतक की जेब से 250 रुपये, गुटका, पैनकार्ड, आधार कार्ड, मूंगफली, अंगोछा सिर से बंधा हुआ था। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से रामौतार निवासी गांव हिम्मतपुर के रूप में शिनाख्त की। पता लगने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतक रामौतार के बड़े भाई विजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि रामौतार मंगलवार की सुबह 10 बजे बैंक जाने की बात कह कर घर से निकला था। शाम साढ़े छह बजे रामौतार से फोन पर बात हुई तो उसने बताया कि गढ़ी बिचौला आ गया हूं। इसके बाद रात 9 बजे तक घर नहीं पहुंचा तो फिर से फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। रात भर तलाश करते रहे लेकिन रामौतार का कहीं कोई अता पता नहीं लग सका। मृतक की पत्नी संतोष कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों में एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गया है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि गढ़ी बिचौला में शव मिला था। जिसकी शिनाख्त आधार कार्ड से रामौतार के रूप में हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।