गुन्नौर (संभल)। किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम की अध्यक्षता में तहसील परिसर में होने वाली बैठक में एसडीएम, एक्सईएन समेत अन्य अधिकारी नहीं पहुंचे, जिससे आक्रोशित भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने बैठक का बाहिष्कार कर दिया। साथ ही डीएम कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया।
बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में भाकियू अराजनैतिक की एक बैठक एसडीएम की अध्यक्षता में सुनिश्चित की गई थी, लेकिन बैठक में सिर्फ तहसीलदार, नायब तहसीलदार और एसडीओ ही पहुंचे। एसडीएम व एक्सईएन के अलावा अन्य अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर किसान आक्रोशित हो गए और बैठक का बाहिष्कार कर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया।
रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि किसान अघोषित बिजली कटौती से परेशान है। बिजली न मिलने से किसान फसलों को पानी नहीं लगा पा रहा। इससे उसकी फसलें सूखने के कगार पर है। वहीं खाद की किल्लत से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिषदीय विद्यालय मर्ज होने से गरीब के बच्चे शिक्षा से दूर हो रहे हैं। संगठन के संजीव यादव, कौशल क्रांतिकारी, रामनिवास यादव आदि ने बताया कि अगर किसानों की समस्याओं को अनदेखा किया गया तो डीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर श्रीपाल यादव, गिरधारी सिंह, विनोद यादव, धनीराम सिंह, सोमवीर, रौदाश यादव, भगवान सिंह, उमाशंकर शर्मा, नेत्रपाल सिंह, ओमपाल सिंह आदि मौजूद रहे।