बहजोई में ट्रैक्टर परेड की रिहर्सल करते किसान।
- फोटो : CHANDAUSI
बहजोई। तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के आंदोलन के तहत गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टरों पर सवार होकर दिल्ली कूच कर राजपथ पर होने वाली परेड में शामिल होने के लिए किसानों ने रिहर्सल की। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक किसानों ने बहजोई में ट्रैक्टर परेड की रिहर्सल करते हुए दम दिखाया। भाकियू के नेतृत्व में 100 से अधिक ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर करीब 500 से अधिक किसानों ने जमकर नारेबाजी की। इस बीच सड़क पर ट्रैक्टरों की लंबी कतार रही।
गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रमुख महासचिव बिजेंद्र सिंह यादव व जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव के नेतृत्व में जिले भर के ग्रामीण अंचलों से किसान ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर बहजोई के बेहटा-जयसिंह चौराहे के निकट एकत्र हुए। यहां से दोपहर करीब साढ़े बारह बजे किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। इसके बाद कलक्ट्रेट के सामने मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग से इस्लामनगर चौराहा व बबराला रोड समेत अनाज मंडी समिति परिसर में होते हुए वापस राष्ट्रीय राजमार्ग व कलक्ट्रेट होते हुए संभल बाईपास रोड बड़ा मैदान के सामने पहुंचे। यहां प्रदेश प्रमुख महासचिव व जिलाध्यक्ष के संबोधन के बाद सभी किसान अपने ट्रैक्टरों सहित वापस गंतव्य को रवाना हो गए। इस बीच संजीव यादव, दीपक शर्मा, भुवनेश यादव, चंद्रपाल सिंह, मुकेश, सत्यवीर सिंह, दिनेश, मुनेंद्र, राजपाल प्रधान, ठाकुरदास मौर्य, बृजनंदन, नेत्रपाल सिंह, अजय, पूरन, सुरेश भगतजी, रामनिवास, दलवीर, मोहरसिंह यादव, रामाशंकर शर्मा हनुमान, मुकुट सिंह, कल्याण सिंह व महेश समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।