बहजोई। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बुधवार सुबह एक निजी बस की टक्कर से बाइक सवार किसान हरिसिंह (55) की मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग की, जिस पर उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई। बाद में कुछ जिम्मेदार लोगों के समझाने पर शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया गया।
यह हादसा बुधवार को सुबह करीब सवा ग्यारह बजे गांव लहरावन के निकट हुआ। हरिसिंह गांव बिसारू के निवासी थे। वह बाइक पर सवार होकर गांव से बहजोई के लिए निकले थे। गांव लहरावन के पास एक निजी बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिसिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जांच-पड़ताल शुरू की। किसान की मौत से उनकी पत्नी लज्जावती और बेटों जोगिंदर व कृपाल समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। निजी बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। बस का चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।