जुनावई। गुन्नौर थाना क्षेत्र के झुकेरा गांव में बुधवार की दोपहर बाजरा निकालते समय थ्रेसर मशीन में आने से कट कर किसान प्रताप सिंह (42) की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं परिवार में चीख पुकार मची हुई है।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के झुकेरा गांव के रहने वाले प्रताप सिंह बुधवार की दोपहर दो बजे करीब परिवार के साथ खेत पर बाजरा की बाली को थ्रेसर मशीन में डाल कर बाजरा निकाल रहे थे। थ्रेसर मशीन से बाजरा निकल चुका था। कुछ बालियां रह गईं थीं जिससे किसान प्रताप सिंह थ्रेसर मशीन के ऊपर चढ़कर ढक्कन खोल कर बाली डाल रहे थे। उसी समय उनका पैर अचानक से फिसलने पर वह पैरों के बल थ्रेसर के अंदर चले गए। जब तक ट्रैक्टर चालक मशीन को बंद करता तब तक बहुत देर हो चुकी थी। किसान की थ्रेसर मशीन में कट कर मौत हो गई। मौके पर मौजूद ट्रैक्टर चालक और आस पड़ोस के लोगों के द्वारा किसान को थ्रेसर से बाहर निकाला गया। वहीं किसान की मौत होने पर परिवार में चीख पुकार मच गई। वहीं किसान अपने पीछे पत्नी दुर्गेश कुमारी समेत 16 वर्षीय बेटे व तीन बेटियों को रोते बिलखते हुए छोड़ गया है। थाना गुन्नौर प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जानकारी की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।