गांव मुजफ्फरपुर के जबर सिंह की मौत के मामले में बेटे ने हयातनगर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। कहा कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उसके पिता की हत्या हुई है, पुलिस ने आत्महत्या को उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनाें ने सीओ से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।
हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर निवासी जबर सिंह का शव सात अप्रैल को बाग में आम के पेड़ से लटका मिला था। बेटे राजकुमार ने गांव के महावीर, बिजेंद्र, राजेंद्र और रामकुमार पर हत्या का आरोप लगाया। बेटे का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बल्कि मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। इसी मामले में बृहस्पतिवार को जबर सिंह के परिजन सीओ अनुज चौधरी से मिले। बेटे राजकुमार ने कहा कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, न ही पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सीओ अनुज चौधरी ने परिजनों को न्याय का आश्वासन दिया है।