चंदौसी। गणेश कॉलोनी निवासी मोनू की मौत के मामले में कोई ठोस कार्रवाई न होने पर मंगलवार को परिजनों ने कोतवाली में हंगामा किया। परिजनों की पुलिस से नोकझोंक हुई। मोनू की पत्नी आरती सहित परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का कहना है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
मोनू की पत्नी आरती ने बताया कि उसके पति एक डिलीवरी लॉजिस्टिक कंपनी में टीएल पद पर कार्यरत थे। पत्नी ने बताया कि 13 फरवरी की शाम करीब छह बजे उसके पति को उनके साथ काम कर चुके तीन युवक व एक अज्ञात व्यक्ति ऑफिस से बुलाकर ले गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर पति के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि रात करीब 8:30 बजे आरोपी पति मोनू को मरणासन्न हालत में ऑफिस के सामने छाेड़कर फरार हो गए। निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया।
महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने पति को जबरन कोई जहरीला पदार्थ भी पिलाया था। मृतक के चेहरे और शरीर पर चोट के कई निशान थे और शरीर नीला पड़ा हुआ था। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार तोमर ने बताया कि पत्नी की तरफ से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच चल रही है। पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने की वजह से विसरा सुरक्षित किया गया है, जो लैब को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।