संभल। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत बुधवार को जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। विशेष अभियान को लेकर जिला अस्पताल में स्टॉल और अल्ट्रासाउंड कक्ष को गुब्बारे से सजाया गया था। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को कार्यवाहक सीएमएस डा. रंजना सिंह ने फल वितरित किए। जिला अस्पताल में प्रधानमंत्री मातृत्व अभियान के तहत 175 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई।
डा. जया कौशल ने बताया कि बुधवार को मनाए गए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 175 गर्भवती की जांच की गई। जिसमें से 15 उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाएं चिह्नित की गईं। इस दौरान जांच कराने आईं गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए गए। डा. रंजना सिंह ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं की स्त्री रोग विशेषज्ञ की देखरेख में जांच करके उन्हें समुचित इलाज व जानकारी मुहैया कराना है। योजना के तहत गर्भवती महिलाओं का ब्लड ग्रुप, उच्च रक्तचाप, वजन, यूरीन, एचआईवी की जांच और अल्ट्रासाउंड नि:शुल्क किया जाता है। इसके साथ ही उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) वाली महिलाओं को जरूरत पड़ने पर आयरन सूक्रोज दिया जाता है। आयरन फोलिक एसिड, कैल्शियम की गोली वितरित की जाती हैं।