बहजोई। प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कलक्ट्रेट सभागार में समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बृहस्पतिवार को प्रभारी मंत्री ने नव चयनित 185 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्तिपत्र वितरित किए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सफल 12 वर्षों में विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधरोपण करने को कहा। साथ ही, सिटी फॉरेस्ट विकसित करने पर बल देते हुए फलदार व छायादार पौधों के रोपण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस बीच, डीएम ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक आयोजित होने वाले समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान का मूल भाव सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं सम्मान रहेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान के साथ होगा। वहीं, अमृत सरोवरों समेत तालाबों, सड़कों, राजमार्गों, नदियों व नहरों के किनारे बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क व जन जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। इस बीच, जनसमस्या समाधान शिविर भी लगाए जाएंगे।
इसके अलावा, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम होंगे। साथ ही, 12 या 13 जून को सीएम के कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री की प्रेस वार्ता की जाएगी। इसके बाद, 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर व स्वास्थ्य मेले लगेंगे। वहीं, 16 से 17 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन तथा 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी लगेगी। साथ ही, 18 से 19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशाला होगी।
इसके अलावा, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजित किया जाएगा। इसी दिन रात्रि चौपाल व विश्राम कार्यक्रम होंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू समेत पूर्व मंत्री अजीत कुमार राजू व पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी आदि रहे।