संभल के मुख्य बिजलीघर में आपस में भिड़ते संविदाकर्मी और उपभोक्ता।
मानदेय न मिलने से परेशान बिजली कर्मचारियों ने गुरुवार को हड़ताल शुरू कर दी थी। पहले दिन तो कोई खास असर नहीं हुआ, लेकिन हड़ताल के दूसरे दिन शुक्रवार को बिजली व्यवस्था प्रभावित होने लगी। हातिमसराय बिजलीघर का संचालन संविदा कर्मचारियों के हाथ में था। फाल्ट हुआ तो उसे ठीक करने के लिए कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं था। बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। इस दौरान कर्मचारियों ने कुरुक्षेत्र मंदिर के परिसर में धरना दिया। अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह से बातचीत की। इस दौरान हातिमसराय बिजलीघर से जुड़े बिजली उपभोक्ता पहुंच गए।
उपभोक्ताओं ने बिजली न मिलने पर गुस्सा जाहिर किया। अधिशासी अभियंता के सामने ही उनकी कर्मचारियों से नोकझोंक हुई। कर्मचारियों से उपभोक्ताओं ने कहा कि काम करो, यदि मानदेय नहीं मिलेगा तो जनता आपके आंदोलन के साथ नजर आएगी। जब कर्मचारियों ने अपना पक्ष रखा लोग भड़क गए। माहौल तीखा हो गया। बहसबाजी होने लगी। अधिशासी अभियंता के सामने आधा घंटे तक अफरातफरी भरा माहौल रहा। मामले में सपा के जिला सचिव सईद अख्तर इस्राइली ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की।
हड़ताली कर्मचारियों को कैबिनेट मंत्री नवाब इकबाल महमूद से मुलाकात कराने का भरोसा दिया। उन्हें मानदेय जल्दी ही दिलाने का वादा किया। इसके बाद कर्मचारी हड़ताल खत्म करने पर राजी हो गए। देर शाम हड़ताल खत्म भी हो गई।