संभल। जिला अस्पताल की बिजली शनिवार की सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक चार घंटे गुल रही। अस्पताल के सभी बिजली चालित उपकरण ठप हो गए। उमस भरी गर्मी में न सिर्फ मरीज बल्कि कर्मचारी और तीमारदार भी परेशान हुए। वार्डों में मरीज गर्मी से परेशान दिखाई दिए। ओपीडी में डाक्टर को दिखाने आए मरीज और तीमारदार गर्मी से राहत पाने को इधर-उधर भटक रहे थे। कई लोग तो पर्ची लेनेे के बाद वापस भी चलेे गए। एक्स-रे, सीटी स्कैन समेत अन्य जांच भी प्रभावित रही और बिना रिपोर्ट के मरीजों को लौटना पड़ा।
जिला अस्पताल में शनिवार को ओपीडी शुरू हुई तो मरीज पहुंचने लगे। दस बजे तक मरीजों की एकाएक संख्या बढ़ने लगी। उमस भरी गर्मी से वो पहले से ही परेशान हाल जिला अस्पताल पहुंचे थे और जिला अस्पताल की बिजली भी गुल हो गई। उमस भरी गर्मी में चिकित्सकों के साथ ही मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को पसीना बहाना पड़ा। अल्ट्रासाउंड, जांच केंद्र और चिकित्सकों के केबिन के सामने लाइन में लगे मरीज परेशान रहे। बिजली न रहने से अल्ट्रासाउंड और जांचों का काम भी प्रभावित रहा।
अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीजों ने कहा कि भीषण गर्मी ने बेहाल कर दिया है। कई घंटे से बिजली नहीं आ रही है। गर्मी में पसीना बहाने को मजबूर हैं लेकिन अस्पताल के लोग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिला अस्पताल की कार्यवाहक सीएमएस डॉ. रंजना सिंह ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट के निर्माण में विद्युत तार अटक रहे थे। इन्हें ऊंचा करने के लिए कर्मचारियों की ओर से शटडाउन लिया गया। जनरेटर इसलिए नहीं चलाया गया कि उसकी लाइन वहीं से होकर गुजर रही है और हादसे का डर रहता है।