चंदौसी। मुरादाबाद बाईपास रोड स्थित कृष्णा नगर कालोनी के लगभग पचास से अधिक परिवारों में नौ घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति ठप रही। दिन में लोग पानी की एक-एक बूंद को तरस गए। इंवर्टर भी जवाब दे गए। गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया। शाम पांच बजे आपूर्ति सुुचारू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर के मुरादाबाद बाईपास रोड स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी में लगभग पचास से अधिक परिवार रहते हैं। रविवार की सुबह करीब आठ बजे अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह आपूर्ति ठप होने से पेयजल आपूर्ति बंद हो गई। लोगों के घरों में लगे सबमर्सिबल भी शोपीस बन गए। दिन भर पेयजल आपूर्ति बाधित रही। पानी की किल्लत के चलते लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में दिक्कत आई।
वहीं कुछ घंटे के बाद लोगों के घर में रखे इंवर्टर जवाब दे गए। गर्मी ने लोगों का पसीना निकाल दिया। दोपहर में गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। कॉलोनी निवासी हिमांशु शर्मा ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने की सूचना बिजली घर में कई बार दी।
इसके बाद भी बिजली विभाग से कोई भी कर्मचारी लाइन ठीक करने नहीं आया। आए दिन बिजली खराब हो जाती है तथा रात में वोल्टेज बहुत कम हो जाता है। बिजली आपूर्ति ठप होने की सूचना अधिकारियों को दी गई, तब शाम को लगभग पांच बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ पुनीत दुबे ने बताया कि 33 केवी तथा बाईपास रोड स्थित गुमथल चौराहे पर ट्रांसफार्मर से तार टूटने से बिजली आपूर्ति नहीं मिल पाई।