चंदौसी। गुरुवार की सुबह पावर हाउस कालोनी बिजलीघर के दस एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। विद्युत अधिकारियों में हड़कंप मच गया। खराब ट्रांसफार्मर को बदलवाने में समय लगेगा। अधिकारियों ने दिन के समय अन्य बिजली घर से लाइन को जोड़कर कुछ समय के लिए विद्युत आपूर्ति देने का प्रयास किया। अधिकारियों की मानें, तो ट्रांसफार्मर बदलाने में करीब पांच दिन लग जाएंगे।
बिजली न आने से उमस भरी गर्मी में नागरिकों का हाल बेहाल हो जाएगा।
गुरुवार की सुबह करीब छह बजे विद्युत निगम के पावर हाउस कालोनी वाले बिजलीघर में लगे दस एमवीए के ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। इससे आधे शहर की आपूर्ति ठप हो गई। ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एक्सईएन डीसी शर्मा, एसडीओ पुनीत दुबे, जेई सुंदर लाल भंडारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और विद्युत निगम के टेक्नीशियन से उसे दुरुस्त कराने की कोशिश की। टेक्नीशियनों ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर फुुंक चुका है। इसके स्थान पर दूसरा ट्रांसफार्मर आएगा। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे तक बिजली गुल रही। इसके बाद अन्य बिजलीघर से विद्युत आपूर्ति करने का प्रयास किया, पर ओवरलोड होने के कारण दोपहर 12 बजे से शाम सात छह बजे तक बमुश्किल ढाई घंटे ही बिजली मिल पाई।
आपूर्ति बाधित क्षेत्र में दो दो घंटे दी जाएगी बिजली
चंदौसी। विद्युत अधिकारियों ने बताया कि नगर में चार बिजली घर हैं। पावर हाउस स्थित बिजली घर का दस एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब हुआ है। इसी बिजली घर के दूसरे ट्रांसफार्मर से सप्लाई दी जा ही है। इसके अलावा अन्य बिजली घरों से भी सप्लाई लेकर फुंके ट्रांसफार्मर के क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की जाएगी। भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को परेशानी नहीं होने दे दी जाएगी। संबंधित क्षेत्र में दो-दो घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी।
इन क्षेत्रों में ज्यादा रहेगी आपूर्ति बाधित
चंदौसी। पावर हाउस स्थित बिजली घर पर दस एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने से नगर के बड़े क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। जिसमें टाऊन टू के सुभाष रोड, स्टेशन रोड सहित शक्ति नगर, इंदिरा कालोनी, बड़ा बाजार, घंटाघर, पसरट्टा बाजार, संभल गेट, आवास विकास, भार्गव कालोनी, मयूर विहार, पंजाबी कालोनी, रामस्वरूप रोड, साकेत कालोनी सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
भीषण गर्मी में पांच दिन झेलनी पड़ेगी कटौती
चंदौसी। पावर हाउस में दस एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद नगर के बड़े क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। मुरादाबाद में भी रिजर्व में दस एमवीए का ट्रांसफार्मर नहीं है। ऐसी स्थिति में बाहर से ट्रांसफार्मर मंगवाना पड़ेगा। ट्रांसफार्मर मंगवाने और उसे लगवाने में चार से पांच दिन लग जाएंगे।
पावर हाउस बिजली घर पर लगा दस एमबीए का ट्रांसफार्मर खराब हुआ है। जिसे ठीक करने में समय लगेगा। संबंधित क्षेत्र दूसरे ट्रांसफार्मर व अन्य बिजली घरों से विद्युत आपूर्ति दी जाएगी। जिसकी व्यवस्था कर दी गई है। भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी होने नहीं दी जाएगी और जितना जल्दी हो सकेगा, ट्रांसफार्मर को सही कराया जाएगा।
डीसी शर्मा, एक्सईएन विद्युत चंदौसी