चंदौसी। रात को आई आंधी में जिले 50 से अधिक खंभे धरायायी हो गए और कई स्थानों पर विद्युत लाइन टूट गई। आंधी के दौरान जिले के सभी 219 फीडरों में ब्रेकडाउन हो गया। विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से डमगमागई। कर्मचारी सुबह साढ़े तीन बजे से ही लाइन ठीक करने में जुटे हैं। नगरीय क्षेत्र में सुबह ही बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई थी, पर गुन्नौर, जुनावई, बनियाठेर, कुढ़फतेहगढ़ आदि ग्रामीण में अभी तक आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है।
सोमवार की रात करीब दो बजे तेज आंधी आई थी। संभल डिविजन में फतेहपुर सराय में 33 केवीए के दो खंभे टूटे, दो, चंदौसी डिविजन में कैलादेवी में दो स्थान, बहजोई बाइपास मार्ग पर एक खंभा टूट कर गिरने की सूचना विभाग को मिली है।
अधिकारियों ने बताया कि इनके अलावा बबराला डिविजन में 40 से 45 से खंभे टूटकर गिरे हैं। इनके अतिरिक्त कई स्थानों से बिजली की लाइन टूट गई। बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई। रात में साढ़े तीन बजे से ही बिजली कर्मचारी काम में जुट गए। संभल, चंदौसी, गुन्नौर, बहजोई नगरीय क्षेत्रों में आपूर्ति सुबह सात बजे तक सुचारू कर दी। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्था में जुट गए। पर अभी तक ग्रामीण गुन्नौर, जुनावई, कुढ़फतेहगढ़, बनियाठेर के गांव क्षेत्र की बिजली सुचारू नहीं हुई है।
जुनावई क्षेत्र में बुधवार की शाम तक करना पड़ सकता है इंतजार
आंधी का प्रकोप गुन्नौर व जुनावई क्षेत्र में अधिक था। अधिकारियों ने बताया कि जुनावई क्षेत्र में विद्युत लाइन सबसे अधिक क्षतिग्रस्त हुई है। वहां 33 केवीए का एक खंभा सही कर नगर क्षेत्र को बिजली सुचारू की गई है। देहात क्षेत्र में टूटे खंभों व लाइनों की संख्या बढ़ सकती है। बुधवार को दोपहर के बाद ही जुनावई क्षेत्र की बिजली सुचारू हो पाएगी।