चंदौसी। तहसील कुढ़फतेहगढ़ के गांव पैगारफातपुर में रविवार अपराह्न एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। सरकारी नलकूप गागन-15 पर ट्रांसफार्मर चढ़ाने के दौरान अचानक लाइन में बिजली दौड़ गई। इस घटना में लाइनमैन संजीव कुमार और सीटीआर कंपनी के कर्मचारी कृष्णा बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाइनमैन संजीव कुमार ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे। नीचे सीटीआर कंपनी के कर्मचारी कृष्णा चेन खींच रहे थे। तभी अचानक लाइन में बिजली आ गई। इससे झंपर में स्पार्किंग हुई और ट्रांसफार्मर के नीचे आग लग गई।
संजीव कुमार ने लोहे के डबल पोल ट्रांसफार्मर से कूदकर खुद को सुरक्षित किया। ग्रामीणों और बिजली कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि शटडाउन के बावजूद बिजलीघर स्योंडारा पर एसएसओ ने लाइन जोड़ दी। इसी लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी।
लाइनमैन संजीव कुमार ने सोमवार को उपखंड सहसपुर बिलारी को शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने मामले की जांच और लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। सीटीआर कंपनी के कर्मचारी कृष्णा ने भी कंपनी के जेई को लिखित शिकायत देने की बात कही है।
एसडीओ राममनोहर यादव ने बताया कि संजीव कुमार की शिकायत मिली है। दूसरे पक्ष को भी बुलाया गया है, जिसके बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।