चंदौसी। इलाहाबाद हाईकोर्ट में ''''वन वोट वन बार'''' याचिका खारिज होने के बाद चंदौसी बार एसोसिएशन के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। एल्डर्स कमेटी ने यह कार्यक्रम घोषित किया है। मतदान 4 नवंबर को होगा।
एल्डर्स कमेटी ने सोमवार को बार रूम में एक आवश्यक बैठक की। इस बैठक में अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, सदस्य शकील अहमद वारसी, मो. सगीर सैफी और राज बहादुर उपस्थित थे। कमेटी ने बार एसोसिएशन के सचिव द्वारा दिए गए पत्र पर विचार किया। सचिव ने एल्डर्स कमेटी द्वारा तैयार की गई सूची के आधार पर चुनाव कराने का अनुरोध किया था।
इस पर विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से चुनाव प्रक्रिया घोषित करने का निर्णय लिया गया। घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 28 और 29 अक्तूबर को सुबह 11.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक बार रूम में नामांकनपत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों पर नाम वापसी और आपत्ति 30 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगी।
30 अक्तूबर को दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित होगी। यदि आवश्यकता हुई तो 4 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे।