चंदौसी। जिला न्यायालय परिसर स्थित बार रूम में एल्डर कमेटी चंदौसी बार एसोसिएशन की एक सभा मंगलवार की दोपहर में हुई। जिसमें 28 सितंबर को नए बनाए गए अधिवक्ताओं के विषय में आए प्रार्थना पत्रों के अनुसार मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन पर पुन: विचार किया गया। नई सूची तैयार कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई।
सभा में एल्डर कमेटी के चेयरमैन अनिल कुमार गुप्ता समेत सदस्य शकील अहमद वारसी, मो. सगीर सैफी, राजबहादुर व लोकेंद्र शर्मा शामिल रहे। एल्डर कमेटी के चेयरमैन ने चंदौसी बार एसोसिएशन के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि पांच और छह अक्तूबर दिन सोमवार व मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया सुबह 11.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक होगी। सात अक्तूबर दिन बुधवार को दोपहर 12 बजे से दोपहर दो बजे तक नाम वापसी और नामांकन पर ऐतराज लिए जाएंगे। इसी दिन दोपहर तीन बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्रों की जांच व ऐतराजों पर निर्णय लिया जाएगा। आठ अक्तूबर दिन बृहस्पतिवार को चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 13 अक्तूबर दिन मंगलवार को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान के बाद शाम 5.30 बजे से एल्डर कमेटी द्वारा मतगणना संपन्न कराने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। एल्डर कमेटी ने अधिवक्ताओं से मतदान के दिन सीओपी लेकर आने का आह्वान किया है। जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित कर वोट डलवाए जा सकें।