जुनावई। थाना क्षेत्र के मेरठ-बदायूं हाईवे पर गांव दुबारी कलां गांव में सड़क पार करते हुए बुजुर्ग महिला तारावती (60) की मौत हो गई। चालक व हेल्पर कैंटर छोड़ कर भाग निकले। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। इस दौरान कैंटर पर पथराव भी किया गया। वहीं शव को उठाने का प्रयास करती रहे लेकिन ग्रामीण अड़े रहे। पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया।
थाना क्षेत्र के दुबारी कलां गांव के रहने वाले मनीराम सिंह वाल्मीकि की पत्नी तारावती गांव में अकेली रहती हैं। उनके दो पुत्र मुंबई और दिल्ली में रह कर मेहनत मजदूरी करते हैं। बुजुर्ग महिला तारावती सोमवार की शाम सात बजे करीब अपने घर के सामने से सड़क पार कर किसी काम से जा रही थी। तभी तीव्र गति से आ रहे लोड कैंटर ने महिला को टक्कर मार दी। कैंटर का पहिया महिला के सिर के ऊपर से उतर गया। जिससे महिला की मौत हो गई।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दौड़ कर कैंटर रोक लिया लेकिन चालक व हेल्पर मौका पाकर भागने में सफल हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला के शव को सड़क किनारे रखकर कर हंगामा करना शुरू कर दिया।
सूचना पर थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस के लाख समझाने पर ग्रामीण तारावती के पुत्रों को आने की बात करते रहे। बाद में ग्रामीण वाहन चालक एवं मालिक को मौके पर बुलाने की बात करने लगे। तभी कुछ युवकों ने वाहन पर ईंट पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। उसी दौरान थाना पुलिस ने लोगों को खदेड़ते हुए शव को सीएचसी मोर्चरी पर रखवा दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया वाहन से बुजुर्ग महिला की मौत होने पर ग्रामीणों को समझा बुझाकर कर शव को सीएचसी पर लाकर रख दिया गया है। महिला के पुत्रों को दिल्ली से बुलाया गया है। इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।