पुलिस चौकी की नींव रखतीं इनाया।
- फोटो : पुलिस चौकी की नींव रखतीं इनाया।
संभल। दीपासराय चौक में पुलिस चौकी का मंगलवार को आठ साल की इनाया ने ईंट रखकर शिलान्यास किया। इसके बाद विधिवत पूजन किया गया। बच्ची को मिठाई भी भेंट की। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई का कहना है कि कानून व्यवस्था मजबूत किए जाने और पीड़ितों को जल्द ही मदद मिलने के लिए इन पुलिस चौकियों का निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान एएसपी श्रीश्चंद्र, असमोली सीओ कुलदीप कुमार मौजूद रहे।
दीपा सराय पुलिस चौकी का निर्माण जिस स्थान पर हो रहा है वहां पुलिस चेकपोस्ट बनाया गया था। 24 नवंबर को हुए बवाल के दौरान दरोगा शाह फैसल और एक सिपाही पर भीड़ ने जानलेवा हमला किया और लूटपाट की। सरकारी बाइक को फूंक दिया था। इसके बाद अधिकारियों ने इस इलाके में पुलिस चौकी निर्माण का निर्णय लिया। एएसपी ने सोमवार को नींव की खोदाई के दौरान कहा था कि दीपा सराय आतंकियों के गढ़ के साथ ही पेशेवर अपराधियों से जुड़ा इलाका है। इस इलाके में पुलिस की निगरानी जरूरी है। इसलिए 1000 स्क्वायर फीट जमीन में यह चौकी निर्माण की जा रही है। तीन मंजिला इस पुलिस चौकी का भवन रहेगा। एसपी का कहना है कि एहतियातन सुरक्षा बढ़ाने के लिए शहर में पुलिस चौकियों का निर्माण किया जा रहा है।
00000000000000
इनाया बोली, यह पुलिस का अच्छा काम है, इससे सुरक्षा बढ़ेगी
शिलान्यास के दौरान मुस्लिम बच्ची इनाया ने ईंट रखी। बच्ची ने ईंट रखकर कहा कि यह अच्छा काम है। इससे सुरक्षा बढ़ेगी। पुलिस ने यह अच्छा काम किया है। बच्ची भी काफी खुश नजर आई। एएसपी ने कहा कि बच्ची से शिलान्यास कराना इस बात का प्रमाण है कि पुलिस महिला और बच्चों की सुरक्षा के लिए आगे है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करती रहेगी।
00000000000000