चंदौसी(संभल)। अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर रविवार को मुरादाबाद रोड स्थित सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी कान्वेंट स्कूल में कार्ययोगी भारत निर्माण व शिक्षक चेतना विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है और शिक्षक इस परिवर्तन के मूल प्रेरक हैं।यह कार्यक्रम राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद के निर्देशन में तथा भारतीय चरित्र निर्माण संस्था, दिल्ली के सहयोग से हुआ। इस दौरान शिक्षकों को भारतीय संविधान के नागरिक कर्तव्यों की सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जनपद के बहजोई और बनियाखेड़ा विकास खंडों से लगभग 400-500 शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता रामकृष्ण गोस्वामी ने शिक्षकों में राष्ट्र निर्माण की चेतना, शैक्षिक मूल्यों के संवर्धन और समर्पण भावना के सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया। लोक संवाद सत्र में एसएम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता, प्रहलाद सिंह गुज्जर और शिक्षिका बबीता यादव ने विचार रखे। मुख्य वक्ता रामकृष्ण गोस्वामी, संस्थापक अध्यक्ष भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान के संवाहक नहीं हैं, बल्कि चरित्र और संस्कार के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि भारत को कार्ययोगी भारत बनाने में शिक्षक की भूमिका सर्वोपरि है।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक श्यामा कुमार द्वारा भारतीय संविधान के नागरिक कर्तव्यों की सामूहिक शपथ कराई गई। कार्यक्रम का संचालन स्वामी कृष्णानंद झा ने किया और अध्यक्षता पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक श्यामा कुमार ने संभाली।