सौंधन। संभल-आदमपुर मार्ग पर टायर फटने से ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गई। हादसे में ई-रिक्शा में सवार दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। उन्हें उपचार के लिए निजी वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
शनिवार की सुबह करीब 10 बजे थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव सौंधन के नजदीक जिला अमरोहा के आदमपुर की ओर से आ रही ई-रिक्शा का सड़क पर दौड़ते समय अचानक टायर फट गया। टायर फटने से ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गई और लहराते हुए सड़क किनारे जा पलटी। ई-रिक्शा में सवार आदमपुर निवासी सतपाल, उनकी पत्नी लज्जावती और थाना आदमपुर के ही गांव ओगारपुर निवासी मिथिलेश व उनका बेटा तिलकराज गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने चारों घायलों को ई-रिक्शा से बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सतपाल और लज्जावती को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।