चंदौसी (संभल)। खेत की मेड़ पर खड़े पेड़ों के कटान के विवाद का पुलिस की मौजूदगी में समझौता होने के बाद बृहस्पतिवार को एक पक्ष ने मकान पर पलायन का पोस्टर चस्पा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस एसडीएम के सामने पैमाइश कराने कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव लालपुर चेचरी निवासी विजयपाल वाल्मीकि ने मुख्यमंत्री को संबोधित प्रार्थना पत्र में बताया कि वह नोएडा में रहकर सफाई का काम करता है। गांव में उसका छोटा भाई और मां रहती है। गांव से ही लगभग 200 मीटर की दूरी पर उसका खेत है। आरोप लगाया कि सात नवंबर को खेत की मेड़ पर खड़े पेड़ कटवाने पर पड़ोस किसान से विवाद हो गया था। इस पर पड़ोसी किसान ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करने के साथ ही समझौता भी करा दिया था।
बृहस्पतिवार को विजयपाल ने अपने मकान पर पलायन का पोस्टर चस्पा कर सामान घर से बाहर रख दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जानकारी ली। थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि विजयपाल ने खेत की मेड़ पर खड़े यूकेलिप्ट्स के पेड़ कटवाए थे। पड़ोसी किसान का आरोप था कि विजयपाल ने उसके पेड़ भी कटवा दिए। विवाद होने पर दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई के साथ समझौता करा दिया था, लेकिन अब विजयपाल ने दूसरे पक्ष पर दबाव बनाने के लिए पलायन के पोस्टर चस्पा किया है। अब तय हुआ है कि एसडीएम मौके की पैमाइश कराएंगे और इसके अनुसार ही संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।